= कलर कोटी, कैन अनार, रॉकेट और नए डिजाइन के पटाखों की बढ़ी मांग, देर रात तक बाजार में खरीदारों की भीड़

संवाद न्यूज एजेंसी

उरई। दीपावली की खुशियों को यादगार बनाने के लिए लोगों में आतिशबाजी का खासा उत्साह नजर आ रहा है। इस बार पटाखा बाजार में परंपरागत अनार, फुलझड़ी और रॉकेट के साथ नए डिजाइन के पटाखों ने जगह बनाई है। रंगीन रोशनी बिखेरने वाले कलर कोटी, कैन अनार और आसमान में उड़कर धमाका करने वाले ड्रोन बम बच्चों और युवाओं की पहली पसंद बने हुए हैं। धनतेरस के बाद छोटी दीपावली पर भी पटाखा बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। कारोबारियों को इस बार पांच करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद है।

शहर के इकलासपुरा बाईपास पर आतिशबाजी की दुकानें सजाई गई हैं। यहां करीब 15 से अधिक दुकानों पर पटाखों की अलग-अलग किस्में उपलब्ध हैं। दुकानदारों ने इस बार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए डिजाइन और रंग-बिरंगे प्रभाव वाले पटाखे मंगाए हैं। इनमें कलर कोटी, कैन अनार, ड्रोन बम, मल्टी कलर शॉट्स और कोक सिलेंडर रॉकेट की खूब मांग है। आसमान में रंगीन रोशनी फैलाने वाले पटाखों के साथ तेज आवाज करने वाले बम भी खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं।

पटाखा बाजार में बच्चों के लिए छोटी फुलझड़ी, अनार और चकरी से लेकर युवाओं के लिए बड़े पैकेट तक मौजूद हैं। फुलझड़ी के डिब्बे 100 से 300 रुपये तक और अन्य पटाखों के पैकेट 50 से एक हजार रुपये तक बिक रहे हैं। कई दुकानों पर अलग-अलग कीमत के कॉम्बो पैक भी रखे गए हैं। इनमें एक ही पैकेट में कई तरह की आतिशबाजी उपलब्ध है। परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंच रहे लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार पटाखे खरीद रहे हैं।

===============

नई किस्मों ने बदला आतिशबाजी का अंदाज

इस बार बाजार में केवल तेज आवाज वाले पटाखों की ही मांग नहीं है, बल्कि रंगीन रोशनी और अलग-अलग आकृतियां बनाने वाली आतिशबाजी भी लोगों को पसंद आ रही है। मल्टी कलर अनार, स्काई शॉट्स, रंगीन रॉकेट, सात शॉट और मल्टी शॉट जैसी आतिशबाजी खरीदारों को लुभा रही है। वहीं, बच्चों के लिए पॉप-पॉप, स्नेक टैबलेट और छोटी चकरी जैसे आइटम भी दुकानों पर उपलब्ध हैं।

=================

पांच करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद

पटाखा कारोबारियों का कहना है कि धनतेरस के बाद से बिक्री में तेजी आई है। छोटी दीपावली पर भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचे। शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी ग्राहक पटाखे लेने आ रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक बिक्री का आंकड़ा पांच करोड़ रुपये से अधिक पहुंच सकता है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार नए पटाखों के प्रति लोगों का आकर्षण अधिक दिखाई दे रहा है।

===============

सुरक्षा के लिए दमकल की टीमें तैनात

आतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने भी तैयारी की है। इकलासपुरा बाईपास पर निर्धारित स्थान पर दुकानें लगवाई गई हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी एके सिंह के अनुसार सभी तहसीलों में दमकल कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। उरई शहर में दो अतिरिक्त दमकल गाड़ियां तैनात की गई हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ऊंचे मोटर व्हीकल भी लगाए गए हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।

==============

आठ टैंकरों से होगी पानी की आपूर्ति

त्योहार पर पानी की मांग को देखते हुए जल संस्थान ने भी व्यवस्था की है। अधिशासी अभियंता सोम प्रकाश ने बताया कि आठ पानी के टैंकर तैयार रखे गए हैं। इनमें एक टैंकर 24 घंटे उपलब्ध रहेगा, जिसे जरूरत के अनुसार संबंधित क्षेत्रों में भेजा जाएगा। इसके अलावा नलकूपों को भी 24 घंटे संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

=================

दीपावली पर 24 घंटे मिलेगी बिजली

उरई। दीपावली के त्योहार पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बिजली विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। बिजली निगम के अधिशासी अभियंता जितेंद्र नाथ ने बताया कि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में व्यवधान या किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराएंगे, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को परेशानी न हो।

================

कोंच में यमराज की पूजा कर किया दीपदान

कोंच। छोटी दीपावली पर शनिवार को नरक चतुर्दशी का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। सुबह लोगों ने अभ्यंग स्नान किया और शाम को घरों के बाहर दीपक जलाकर यमराज की पूजा-अर्चना की। परिवार की सुख-समृद्धि और अकाल मृत्यु से रक्षा की कामना की गई। मान्यता के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को नरक चतुर्दशी, यम चतुर्दशी और रूप चतुर्दशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन यमराज के निमित्त दीपदान करने की परंपरा है।

===============

जालौन में बाजार में उमड़ी भीड़, जाम से जूझे लोग

जालौन। छोटी दीपावली पर नगर के बाजार में सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने बर्तन, मिठाई, खील-गट्टे, सजावट का सामान, कपड़े, आभूषण, किराना और इलेक्ट्रिक आइटमों की खरीदारी की। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचे। भीड़ के चलते कई बार जाम की स्थिति बनी और लोगों को निकलने में परेशानी हुई। हालांकि पुलिस ने बड़े वाहनों के बाजार में प्रवेश पर रोक लगा रखी थी, जिससे कुछ राहत रही। कोतवाल हरिशंकर चंद्र, क्राइम इंस्पेक्टर लालबाबू मिश्रा, विवेक मौर्य और चौकी प्रभारी मनीष तिवारी पुलिस बल के साथ बाजार में गश्त करते रहे। महंगाई के बावजूद खरीदारी में कमी नहीं दिखी और दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के ऑफर देते नजर आए।

===============

समस्या होने पर इन नंबरों पर करें फोन

दीपावली के त्योहार पर किसी भी तरह की समस्या, आपात स्थिति या शिकायत होने पर अधिकारियों से किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर लोग इन नंबरों पर फोन कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

जिलाधिकारी: 9454417548

पुलिस अधीक्षक: 9454400279

मुख्य विकास अधिकारी: 9454417179

मुख्य चिकित्सा अधिकारी: 8005192664

एसडीएम उरई: 9454416347

एसडीएम जालौन: 9454416348

एसडीएम कोंच: 9454416350

एसडीएम कालपी: 9454416349

एसडीएम माधौगढ़: 9454416351

फायर स्टेशन: 9454418440

अधिशासी अभियंता, बिजली विभाग: 9415909400

अधिशासी अभियंता जल संस्थान: 90459 10932

फोटो - 21 आतिशबाजी की दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद

फोटो – 21 आतिशबाजी की दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद– फोटो : udhampur news

फोटो - 21 आतिशबाजी की दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद

फोटो – 21 आतिशबाजी की दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद– फोटो : udhampur news



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *