लखनऊ। कहते हैं पुरानी यादों से निकलने के लिए सबसे पहले अपने पुराने अवतार को बदलो। इससे खुदबखुद बदलाव महसूस होने लगेगा। कुछ ऐसा ही इन दिनों देखने को मिल रहा है। ब्रेकअप के दर्द से उबरने के लिए आंसू बहाना अब पुरानी बात हो गई है। इन दिनों युवतियों में ब्रेकअप के बाद लंबे बालों को छोटे करवाने का ट्रेंड बढ़ रहा है। इससे वे राहत महसूस कर रही हैं।

केजीएमयू के मानसिक रोग विभाग के डॉ. सुजीत कुमार कर और लखनऊ विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रो. रिद्धिमा शुक्ला के अनुसार, ब्रेकअप के बाद बाल कटवाना सिर्फ ”फैशन ट्रेंड” नहीं है, बल्कि गहरी मानसिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसे सेल्फ-रिक्लेमेशन यानी खुद को वापस पाने की कोशिश कहते हैं। जब कोई रिश्ता टूटता है या कुछ बुरा होता है तो व्यक्ति खुद के जीवन को अनियंत्रित महसूस करता है। ऐसे में बाल कटवाना नियंत्रण सा लगता है। लंबे बाल पुरानी यादों को समेटे होते है, जिन्हें काटने से कुछ यादें कम होती हैं।

सदियों पुरानी है बदलाव के लिए बाल कटवाने की परंपरा

मनोचिकित्सक सुजीत कुमार कर बताते हैं कि बदलाव के लिए बाल कटवाने की परंपरा सदियों पुरानी है। इसका उदाहरण है मुंडन संस्कार और किसी की मौत के बाद बाल मुड़वाने की परंपरा। जहां मुंडन संस्कार एक बच्चे को व्यक्तिगत पहचान का प्रतीक माना जाता है। वहीं, किसी की मौत के बाद बाल मुड़वाना यह व्यक्ति ने पुराने स्वरूप को त्यागने का प्रतीक है, जो उस मृत व्यक्ति से जुड़ा था।

बाल कटवाया, पुरानी यादों से मिली आजादी

गोमतीनगर के विपुलखंड की 24 वर्षीय देविका (बदला हुआ नाम) बताती हैं कि वह एक रिश्ते में थीं। प्रेमी को उनके लंबे बाल बहुत पसंद थे। ब्रेकअप के बाद निधि ने सबसे पहले अपने कमर तक लंबे बालों को कटवाकर बॉब स्टाइल में बदल दिया। वह कहती हैं कि जब उन्होंने आईने में खुद को छोटे बालों में नई देविका के रूप में देखा। हेयर कटिंग एक नई आजादी जैसी महसूस हुई। काफी हद तक पुरानी यादों से आजादी मिली और जिंदगी में बदलाव महसूस किया।

बाल कटवाने से बदला जीने का अंदाज

इंदिरानगर की अंजली (बदला हुआ नाम) बताती हैं कि ब्रेकअप के बाद उन्हें अपना चेहरा आईने में देखकर पुराना दुख याद आता था। उन्होंने ”पिक्सी कट” अपनाया। बाल कटवाने के बाद उन्होंने भावनात्मक बोझ काफी हद तक कम महसूस हुआ। इससे जीने का अंदाज भी बदला गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर देखकर बाल कटवाने का फैसला लिया।

आगे बढ़ते रहने का आधुनिक तरीका है हेयर कट

सोशल मीडिया पर ”ट्रांसफॉर्मेशन रील्स” का काफी ट्रेंड दिख रहा है। युवतियां रोते हुए लंबे बालों वाले वीडियो से सीधे एक कॉन्फिडेंट लुक और शॉर्ट हेयरस्टाइल में स्विच करती नजर आती हैं। कुछ युवतियां तो पूरे बाल ही मुड़वाती दिख रही हैं। वे इसे मूविंग ऑन (आगे बढ़ते रहने) का एक आधुनिक और सशक्त तरीका मान रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *