झांसी। हमीरपुर-राठ-गरौठा-गुरसराय-झांसी राजमार्ग पर 37.5 किलोमीटर ग्रीन फील्ड हाईवे निर्माण की निविदा तो निकल चुकी है, लेकिन पर्यावरण संरक्षण की शर्तों का पालन करने में देरी हो रही है। सड़क किनारे पौधरोपण के लिए पीडब्ल्यूडी ने अब तक 93.42 लाख रुपये जमा नहीं कराए हैं। वन विभाग ने पीडब्ल्यूडी से धनराशि जमा कराने की मांग की है।
विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित परियोजना के तहत पीडब्ल्यूडी की झांसी डिवीजन में 12.5 किलोमीटर और हमीरपुर डिवीजन में 25 किलोमीटर हाईवे का निर्माण किया जाना है। झांसी की 13.049 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि और 2127 वृक्षों का पातन प्रस्तावित है। भारत सरकार ने कुछ शर्तों के साथ परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति दी थी। लोक निर्माण विभाग के विश्व बैंक खंड, कानपुर नगर ने क्षतिपूरक वनीकरण, शुद्ध वर्तमान मूल्य और सीमांकन के लिए लगभग 1.49 करोड़ रुपये जमा किए हैं। हालांकि, लोहे के ट्री गार्ड समेत पौधरोपण के लिए 93.42 लाख रुपये की राशि लंबित है। अब प्रभागीय वनाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता को यह धनराशि जल्द जमा कराने के लिए पत्र लिखा है।
वर्जन..
पौधरोपण के लिए धनराशि जमा करने के लिए अभी चालान जनरेट नहीं हो पा रहा है। लगातार प्रयास जारी है। जल्द ही वन विभाग के खाते में धनराशि जमा हो जाएगी। साथ ही ग्रीन फील्ड हाइवे के निर्माण के लिए निविदा निकाल दी गई है। इसकी समयसीमा पांच नवंबर तक है।
– रजनीश गुप्ता, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।
