झांसी। जनपद स्तरीय युवा उत्सव में युवाओं ने लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। चयनित प्रतिभागी अब मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम और राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सतीश सिंह ने किया। अतिथियों ने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा के माध्यम से जनपद की सांस्कृतिक पहचान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करें। उन्होंने विजेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय युवा उत्सव में मिलने वाले अवसरों की जानकारी भी दी।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी शिवराम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
ये रहे प्रतियोगिताओं के विजेता
लोकनृत्य समूह में राजेंद्र प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज की माही वर्मा एंड ग्रुप ने प्रथम और आर्य कन्या इंटर कॉलेज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत समूह में दिव्यांशी एंड ग्रुप प्रथम और संस्कार एंड ग्रुप द्वितीय रहा। नुक्कड़ नाटक में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बरुआसागर की भावना एंड ग्रुप ने पहला और सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज झांसी ने दूसरा स्थान हासिल किया।
कविता लेखन में सुधांशु त्रिवेदी प्रथम, समिता खालिदी द्वितीय और वैदेही पाठक तृतीय स्थान पर रहीं। पोस्टर मेकिंग में अल्लादीन प्रथम, सबद खालिदी द्वितीय और योग्यता वर्मा तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रशांत सिंह जादौन, विशाल कुशवाहा, सुरेश कुमार पटेल, सर्वेश सिंह समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, निर्णायक और प्रतिभागी मौजूद रहे।
