कोंच। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पडरी निवासी भूरे बरार की 28 अक्तूबर को संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। भूरे की पत्नी ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद थाने से छोड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने झांसी के पुलिस उपमहानिरीक्षक आकाश कुलहरि को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच किसी निष्पक्ष उच्च पुलिस अधिकारी से कराने की मांग की है।
भूरे की पत्नी प्रीति बरार ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 28 अक्तूबर को दोपहर करीब दो बजे उनके पति घर पर थे। इसी दौरान पप्पू पुजारी उन्हें यह कहकर अपने साथ ले गया कि प्रताप नगर कोंच निवासी बुद्धि अग्रवाल ने ग्राम पडरी स्थित गोदाम पर बुलाया है। आरोप है कि गोदाम में दोनों लोगों ने उनके पति को बंद कर मारपीट की। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गला दबाकर हत्या कर दी और शव को फंदे पर लटका दिया।
प्रीति के मुताबिक, घटना को लेकर 29 अक्तूबर को कोंच कोतवाली में तहरीर दी गई थी। इस पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने में रखा, लेकिन एक दिन बाद ही बिना उचित कारण बताए उन्हें छोड़ दिया। पीड़िता ने आशंका जताई कि इससे मामले की निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है। उन्होंने उच्च पुलिस अधिकारी से जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। आईजी ने उसे न्याय का भरोसा दिया है।
