बबीना(झांसी)- महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के अवसर पर पिछले कई वर्षों से बबीना में बाल्मिक समाज द्वारा निकाली जाने वाली शोभायात्रा पूरे बुंदेलखंड में प्रसिद्ध है। क्योंकि महर्षि वाल्मीकि जी का प्राचीन मंदिर बबीना के पहाड़ पर स्थित है। जो सिद्ध क्षेत्र भी कहलाता है। इस बार कस्बा बबीना में एक नहीं बल्कि दो-दो शोभायात्राएं अलग-अलग समय पर निकाली गईं । इस दौरान पूरा नगर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। पहली शोभायात्रा का शुभारंभ शंकर उर्फ शेरू वाल्मीकि मीरा टांक ,रवि भारती के नेतृत्व में स्थानीय राजा तालाब से किया गया छावनी परिषद अधिशाषी अधिकारी रोहित सिंह ने शोभा यात्रा का तिलक लगाकर स्वागत किया । जिसमें बग्गियों पर सवार होकर रामायण के पात्र महर्षि वाल्मीकि, लव-कुश, राम, लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान आदि समेत कई देवी देवताओं के स्वरूप चल रहे थे। तो वहीं डीजे की धुन पर बज रहे धार्मिक गीतों की धुन पर समाज के युवा जमकर नृत्य कर रहे थे। राजा तालाब से चलकर शोभायात्रा स्थानीय पीएनबी चौराहे पर पहुंची। शोभायात्रा को जल्दी-जल्दी भ्रमण कराते हुए पहाड़ पर स्थित महर्षि वाल्मीकि जी के मंदिर के लिए रवाना कर दिया। मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद आयोजकों द्वारा मंदिर में स्थापित महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर आरती संपन्न की गई एवं शोभायात्रा में रामायण के पात्रों को सम्मानित करने के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया।
पहली शोभा यात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद राजा तालाब बबीना से ही समाज के अध्यक्ष अनिल वाल्मीकि के नेतृत्व में दूसरी शोभायात्रा भी धूमधाम से निकाली गई जिसमे आकर्षक झाकियां ढोल ,बाजे और डीजे के साथ चलकर स्थानीय पीएनबी चौराहे पर पहुंची। जहां इस शोभा यात्रा के आयोजको द्वारा मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा,भाजपा मंडल अध्यक्ष पलविंदर सिंह नंदा,विधायक प्रतिनिधि ठेकेदार मनोज साहू,भाजपा मंडल महामंत्री सौरभ गुप्ता समेत सहित अन्य अतिथियों को, सम्मानित किया।
यह शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर में पहुंची जहां बाद में आयोजकों द्वारा विशाल भंडारा कराया गया।दो शोभा यात्रा में समाज के दोनों धड़ों में विवाद ना हो इसलिए पुलिस प्रशासन पहले से तैयार था। और दोनों ही धड़ों के लोगों को एक दिन पूर्व बीएनएसएस की धारा 168 का हवाला देते हुए शांति भंग करने की स्थिति में कार्रवाई करने का नोटिस थमा दिया था। इतना ही नहीं स्थिति को देखते हुए कस्बे में एसपी सिटी, सीओ सिटी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, , कई थानों के प्रभारी, बबीना थाना प्रभारी सुशील कुमार द्विवेदी और पीएसी ने मोर्चा संभाल लिया था। इस प्रकार वाल्मीकि जयंती का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।
